Amravati News: कल मेरा प्रोग्राम है, बेटा गांव लौट आओ और कूद गया कुएं में किसान

कल मेरा प्रोग्राम है, बेटा गांव लौट आओ और कूद गया कुएं में किसान
  • नागपुर में पढ़ रहे बेटे को फोन करके बुलाया
  • बेनोडा शहीद में कर्ज से त्रस्त किसान ने की आत्महत्या
  • दिवाली के पहले किसान आत्महत्या से गांव में शोकपूर्ण माहौल

Varud Amravati News तहसील के अंतर्गत आने वाले बेनोडा शहीद में कर्ज से त्रस्त किसान ने बेटे को संकेत देकर खेत के कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले शाम 5 बजे नागपुर में शिक्षा ले रहे बेटे अभिजीत से कहा कि कल मेरा प्रोग्राम है तुम गांव वापस लौट आओ। बेटा भी पिता के इस खतरनाक प्रोग्राम की बात को समझ नहीं पाया। गुरुवार की रात घर से निकले पिता ने गांव के खेत के पास स्थित कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इसका पता शुक्रवार को सुबह 9 बजे चलने पर क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फसलों की बर्बादी तथा बढ़ते कर्ज से अशोक बख्शी शेंडे (65,बेनोडा शहीद) कई दिनों से परेशान था।उनके पास दो एकड़ खेत है। मौसम के कारण फसलें बर्बाद होने से कर्ज का बोझ बढ़ने से त्रस्त था। उत्क्रांति क्रेडिट सोसाइटी से 60,000 रुपये का कर्ज लिया था। फसल लगातार खराब होने से कर्ज बढ़ रहा था। परिवार के मुताबिक अशोक ने बढ़ते कर्ज से त्रस्त होकर आत्महत्या की। अशोक शेंडे के पश्चात पत्नी और तीन बच्चे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है बेटा 18 साल का है और वह नागपुर में 12वीं कक्षा में पढ़ रहा है। लगातार आर्थिक तंगी और बढ़ते कर्ज से ही परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठाया।

कुएं में तैरता हुआ शव दिखाई दिया : बताते हैं कि गुरुवार को अशोक घर से निकल गया। देर रात तक किसी को पता नहीं चला। परिवार उसका इंतजार करता रहा। 18 अक्टूबर को जब अशोक के परिवार ने उनके मोबाइल का लोकेशन खोजा तो वह गांव के पास एक खेत के करीब मिला। परिजन यहां पहुंचने पर अशोक का कुएं में तैरता हुआ शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Created On :   19 Oct 2024 9:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story