Amravati News: 518.39 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन नई सरकारी इमारतें बढ़ायेंगी शहर की शान

518.39 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन नई सरकारी इमारतें बढ़ायेंगी शहर की शान
  • संभाग के मुख्यालय में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में प्रशासकीय इमारतों का निर्माण
  • सीएम फडणवीस और पालक मंत्री बावनकुले ले रहे फॉलोअप

Amravati News संभागीय मुख्यालय नगरी में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर एक से बढ़कर एक प्रशासकीय इमारतों का निर्माण चल रहा है। जिससे यह नई वास्तुएं अमरावती शहर की शान में चार चांद लगाएंगी। जिला प्रशासन के अनुसार अलग-अलग सरकारी विभागों के लिए कुल 518.39 करोड़ की लागत से यह नये अत्याधुनिक सेवा-सुविधा से लैस भवन तेजी से आकार ले रहे हैं। खुद मुख्य मंत्री देेवेंद्र फडणवीस की पहल पर संपूर्ण राज्य में चलाए जा रहे 100 दिनों के मिशन अंतर्गत राज्य के राजस्व मंत्री व पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले खुद इन सभी इमारतों के निर्माण कार्यों का लगातार फालोअप ले रहे हैं।

शहर पुलिस को मिलंेगे 262 फ्लैट : इन सभी सरकारी इमारतों में सर्वाधिक 104 करोड़ की लागत से कुल 262 पुलिस क्वार्टर शहर पुलिस के लिए बनाए जा रहे हैं। 6 जुलाई 1998 को पुलिस आयुक्तालय की स्थापना के बाद पहली बार शहर पुलिस के लिए इतनी बड़ी संख्या में फ्लैट बनाए जा रहे हंै। पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्‌डी के फालोअप से गर्ल्स हाइस्कूल चौक के पास पुराने पुलिस क्वार्टर की जगह पर चार मंजिला 4 इमारतें तेजी से आकार ले रही है। जिसमें पुलिस कर्मियों को टूबीएचके फ्लैट मिलेगा। जबकि मालटेकड़ी के पास गुलमोहर में एसपी और डीसीपी दर्जे के पुलिस अफसरों के लिए थ्रीबीएचके के 8 आलीशान फ्लैट का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। संभागीय आयुक्तालय परिसर में विभाग स्तर पर 76.39 करोड़ की लागत से प्रशासकीय इमारत और लोकशाही भवन के पास जिला स्तरीय प्रशासकीय इमारत 60 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से साकार की जा रही है।

तत्कालीन महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में पालक मंत्री रहते समय एड. यशोमति ठाकुर ने वर्ष 2021-22 में जिला परिषद के नये प्रशासकीय इमारत, महिला व बाल कल्याण विभाग के लिए कैम्प में प्रशस्त भवन, जिलाधिकारी कार्यालय के लिए नया चार मंजिला भवन निर्माण के लिए पहल की थी। इसी तरह पूर्व पालक मंत्री डॉ. सुनील देशमुख की पहल पर वर्ष 2009 में प्रस्तावित जिला महिला सरकारी अस्पताल (डफरिन) के विस्तारीकरण के तहत 38 करोड़ की लागत से 200 बेड की नई इमारत का निर्माण कार्य वर्ष 2018 में शुरू हुआ। जिसे दो वर्ष में पूर्ण करना था। वर्ष 2019 से विधायक सुलभा खोड़के के फालोअप के बाद यह काम निपटा और डीसीएम अजित पवार के हाथों इसका लोकार्पण हुआ। अब डफरिन में 200 बेड की पुरानी इमारत की जगह पर भी नई इमारत बनाने के लिए विधायक सुलभा खोड़के और विधायक संजय खोड़के जुट गए है।

Created On :   28 March 2025 3:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story