दुनिया के 9वें सबसे अमीर व्यक्ति बने मुकेश अंबानी, कई अरबपतियों को पीछे छोड़ा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया के 9वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। हाल ही में ग्लोबल मीडिया फोर्ब्स पत्रिका द्वारा जारी की गई दुनिया के अरबपतियों की द रियल टाईम बिलियनेयर्स लिस्ट में यह जानकारी सामने आई है। लिस्ट के अनुसार रिलायंस उद्योग के चेयरमैन मुकेश अंबानी विश्व के 9वें सबसे धनी व्यक्ति हैं। इस साल की शुरुआत में जारी फोर्ब्स के 2019 के सबसे धनी लोगों की सूची में आरआईएल के चेयरमैन मुकेश 13वें स्थान पर थे।
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ
लिस्ट के अनुसार मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 60.7 अरब डॉलर यानि करीब 4.33 लाख करोड़ रुपए है। बता दें कि फोर्ब्स ने मार्च 2019 में दुनिया के अरबपतियों की एक लिस्ट जारी की थी। उस समय अंबानी 50 अरब डॉलर यानि करीब 3.56 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ लिस्ट में 13वें नंबर पर थे। रिलायंस के शेयर में तेजी आने से उनकी नेटवर्थ लगातार बढ़ रही है। इस साल रिलायंस का शेयर 40 फीसदी तक चढ़ा है।
इन्हें छोड़ा पीछे
द रियल टाईम बिलियनेयर्स लिस्ट के अनुसार मुकेश अंबानी ने गूगल के फाउंडर लैरी पेज और सर्गे ब्रिन जैसे नामी अरबपतियों को पीछे छोड़ दिया। उनकी प्रगति का श्रेय आरआईएल को दिया जा सकता है, जो 10 लाख करोड़ रुपये की बाजार पूंजी को पार कर गुरुवार को ऐसा करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है।
सूची में सबसे ऊपर जेफ बेजोस
फोर्ब्स द रियल-टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के अनुसार, आरआईएल के चेयरमैन का रियल टाइम नेट वर्थ गुरुवार को 6080 करोड़ डॉलर था। सूची में सबसे ऊपर अमेजॉन के संस्थापक और सीईओ जेफ बेजोस हैं, जिनकी गुरुवार को रियल टाइम नेट वर्थ 11300 करोड़ डॉलर रहा।
Created On :   29 Nov 2019 11:01 AM IST