मुकेश अंबानी फिर बने भारत के सबसे अमीर व्यक्ति, हिंडनबर्ग रिसर्च ने डुबोई अडानी की लुटिया

- अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हुए 16 नए चेहरे
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी एक बार फिर भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। इस दौरान उन्होंने लंबे समय से इस तख्त पर काबिज गौतम अडानी को पीछे छोड़ दिया है। रिलायंस को हाल ही में रेवेन्यू में 17 गुना जबकि प्रॉफिट में 20 गुना का फायदा हुआ था। अडानी की इस गिरावट में सबसे बड़ा हाथ हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट को माना जा रहा है। शॉर्ट-सेलर ने कथित तौर पर ग्रुप के खिलाफ शेयरों की धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे, जिसके बाद से निवेशकों ने तेजी के साथ ग्रुप से अपने हाथ पीछे खींच लिए थे।
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार, मुकेश अंबानी दुनिया भर के शीर्ष 10 अरबपतियों की सूची में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय हैं। संपत्ति में 20 प्रतिशत की गिरावट के बावजूद, अंबानी ने 82 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सूची में 9वें स्थान पर कब्जा जमाया है। इस दौरान वह एशिया के भी सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। लगातार तीसरे साल यह टाइटल अंबानी के पास है।
ये हैं भारत के सबसे अमीर धनी व्यक्ति
भारत के सबसे अमीर लोगों की बात करें तो अंबानी के बाद 53 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अडानी इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। साइरस पूनावाला 28 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे, जबकि शिव नादर और उनका परिवार 27 अरब डॉलर के साथ चौथे और लक्ष्मी मित्तल 20 अरब डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
अडानी ने हर हफ्ते गवाएं 3,000 करोड़ रुपये
इस लिस्ट के मुताबिक, हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद से अडानी ग्रुप ने हर हफ्ते लगभग 28 बिलियन डॉलर (3,000 करोड़ रुपये) गंवाए हैं। नुकसान के मामले में अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस सबसे ऊपर हैं। उनकी पर्सनल संपत्ति में अभी तक 70 बिलियन डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है।
अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हुए 16 नए चेहरे
इस लिस्ट में भारत ने एक और उपलब्धि हासिल की है। भारत से दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 16 नए अरबपतियों को शामिल किया गया है। M3M हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार, नए अरबपतियों को जोड़ने वाले देशों में भारत तीसरे स्थान पर है। रेखा राकेश झुनझुनवाला और परिवार 2023 हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट में शीर्ष 16 नए भारतीय अरबपतियों की सूची में सबसे ऊपर है। रेखा झुनझुनवाला दिग्गज इन्वेस्टर राकेश झुनझुनवाला की पत्नी हैं। दरअसल, पिछले साल कार्डियक अरेस्ट के चलते राकेश झुनझुनवाला का 62 साल की उम्र में निधन हो गया था।
Created On :   22 March 2023 6:04 PM IST