दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में टॉप-30 से बाहर हुए गौतम अडानी, गिरकर इतनी हुई संपत्ति

- अडानी ग्रुप में डैमेज कंट्रोल जारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद से अडानी ग्रुप में जो गिरावट का दौर शुरू हुआ है, वह अभी तक रूकने का नाम नहीं ले रहा है। समय के साथ ग्रुप के शेयरों में तेजी से गिरावट जारी है। गौतम अडानी अब दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में टॉप-30 से भी बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद से बहुत तेजी में निवेशकों ने ग्रुप से अपने हाथ पीछे खींचने शुरू कर दिए थे।
ग्रुप के मार्केट कैप में 12 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की गिरावट आई है। इसी बीच शेयर की गिरती कीमतों से गौतम अडानी की नेटवर्थ भी घट गई और वह अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर से 33वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
अब तक इतनी घट चुकी है अडानी की नेटवर्थ
संपत्ति में गिरावट की बात करें तो गौतम अडानी को इस साल की शुरुआत से अब तक करीब 81 अरब डॉलर की संपत्ति का नुकसान हुआ है। फोर्ब्स के रियल टाइम बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, अडानी की नेटवर्थ अब घटकर 35.3 अरब डॉलर रह गई है। इतनी दौलत के साथ वो दुनिया के 33वें सबसे अमीर शख्स हैं। एक महीने के अंदर ही अडानी के शेयर 85 फीसदी तक टूट गए हैं।
अडानी ग्रुप में डैमेज कंट्रोल जारी
अडानी ग्रुप अपने निवेशकों का भरोसा जीतने की फिलहाल पूरी कोशिश कर रहा है। इस महीने की शुरुआत में ग्रुप ने तीन सूचीबद्ध कंपनियों के गिरवी शेयरों के बदले लिया गया 1.1 बिलियन डॉलर का लोन चुका दिया है। इन कंपनियों में अडानी पोर्ट्स, अडानी ग्रीन और अडानी ट्रांसमिशन शामिल हैं। 24 जनवरी को प्रकाशित हुई रिपोर्ट में हिंडनबर्ग ने अडानी ग्रुप पर धोखाधड़ी और स्टॉक हेरफेर का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद निवेशकों ने अपने हाथ पीछे खींचने शुरू कर दिए हैं।
Created On :   25 Feb 2023 4:39 PM IST