एलन मस्क एक बार फिर बने दुनिया के सबसे अमीर, संपत्ति के मामले में इस शख्स को पीछे छोड़ा

- मस्क की कुल नेटवर्थ बढ़कर 187 अरब डॉलर हो गई है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) एक बार फिर से दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। दरअसल, मस्क की संपत्ति में बीते 24 घंटों में जबरदस्त उछाल आया है, जिसके चलते उनकी कुल नेटवर्थ बढ़कर 187 अरब डॉलर हो गई है। उन्होंने फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़कर यह स्थान हासिल किया है। आपको बता दें कि, ट्विटर डील और टेस्ला के शेयरों में भारी गिरावट के बाद से ही मस्क की नेटवर्थ में कमी देखने को मिल रही थी।
मस्क की कुल नेटवर्थ में लगातार कमी के चलते वे दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे। लेकिन अब एक बार फिर उन्होंने नंबर वन पॉजिशन हासिल कर ली है।
रिपोर्ट में सबसे आगे मस्क
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, बीते 24 घंटों में एलन मस्क की कुल संपत्ति में 6.98 अरब डॉलर की तेजी देखी गई है। जिसके बाद उनकी संपत्ति बढ़कर 187 अरब डॉलर हो गई है। जिसके चलते मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं, टेस्ला के शेयर की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण एलन मस्क ने यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं बात करें बर्नार्ड अरनॉल्ट की तो वे 185 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ बिलेनियर लिस्ट में दूसरे स्थान पर पर पहुंच गए हैं। सोमवार के कारोबार में, टेस्ला के शेयर 5.46% बढ़कर 207.63 डॉलर पर बंद हुए। इस बीच, पिछले महीने में इसमें लगभग 20% की वृद्धि हुई है।
Created On :   28 Feb 2023 4:32 PM IST