Year Ender 2019: इस साल इन स्टार किड्स ने किया इंडस्ट्री में डेब्यू, नहीं बना पाएं लोगों के बीच जगह

डिजिटल डेस्क, मुम्बई। साल 2019 में बॉलीवुड के कई स्टार किड्स ने इंडस्ट्री में डेब्यू किया। इन स्टार किड्स में कुछ हिट हुए तो कुछ फ्लॉप। साल को खत्म होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं तो ऐसे में हम आपको बता रहे है कि इस साल कौनसे वे स्टार किड्स हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री में डेब्यू किया। साथ ही यह भी बताते हैं कि कौन हिट हुआ और कौन फ्लॉप।

'मैंने प्यार किया' की सुमन यानी भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु दासानी ने भी इस साल इंडस्ट्री में डेब्यू किया। अपनी इवेंट कंपनी खोलने के बाद अभिमन्यु फिल्मों में आए और बजाय किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस से लॉन्च होने के बजाय उन्होंने चुनी एक अतरंगी फिल्म - 'मर्द को दर्द नहीं होता'। लेकिन उनकी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी और फ्लॉप हो गई।

साल 2019 में एक और स्टार किड की एंट्री बॉलीवुड में हुई। ये नाम वर्धन पुरी का है। वह दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी के पोते हैं। हालांकि वर्धन कैमरे के पीछे इससे पहले इश्कजादे और दावत-ए-इश्क के लिए हबीब फजल को एसिस्ट कर चुके हैं। साथ ही मनीष शर्मा के साथ उन्होंने फिल्म शुद्ध देसी रोमांस के लिए भी काम किया है। वर्धन पुरी ने हाल ही में फिल्म ये साली जिंदगी से बॉलीवुड में डेब्यू किया जो फ्लॉप साबित रही।

इस साल अक्षय कुमार के साले करण कपाड़िया ने भी बॉलीवुड में डेब्यू किया। करण, डिंपल कपाड़िया की बहन और अभिनेत्री सिंपल कपाड़िया के बेटे हैं। करण कपाड़िया ने फिल्म ब्लैंक से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में सनी देओल एक पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभा रहे हैं। करण के साथ इसमें इशिता दत्ता ने अहम भूमिका थी। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी।

बॉलीवुड का हिस्सा बनने वाले स्टार किड्स की लिस्ट में एक्टर जावेद जाफरी के बेटे मीजान जाफरी का नाम शामिल है। मीजान ने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'मलाल' से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। उनके साथ संजय लीला भंसाली की भांजी शर्मिन सहगल नजर आई थीं, लेकिन उनकी ये फिल्म बड़े पर्दे पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई और फ्लॉप साबित रही।

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल के बेटे करण देओल ने इस साल फिल्म 'पल पल दिल के पास' के पास से बॉलीवुड में भी अपना डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री सहर बाम्बा मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म 'पल पल दिल के पास' के पास का निर्देशन खुद सनी देओल ने किया था। करण देओल के पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई।

मोहनीश बहल की बेटी प्रनूतन बहल ने फिल्म नोटबुक से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उनके साथ इस फिल्म में जहीर इकबाल भी थे। दोनों की यह पहली फिल्म थी। उनकी फिल्म बॉक्स आफिस पर ज्यादा नहीं चल सकी।

फिल्म दबंग 3 से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली सई मांजरेकर, एक्टर महेश मांजरेकर की बेटी हैं। उन्हें फैंस द्वारा काफी पसंद किया गया।

करण जौहर की स्टूडेंट अनन्या पांडे ने भी इस साल बॉलीवुड में डेब्यू किया और फैंस के बीच अपनी जगह बनाने में कामयाब रहीं। उनकी इस साल दो फिल्में रिलीज हुईं। दोनों में उनकी परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया।
Created On :   29 Dec 2019 8:27 AM IST