पेरिस ओलंपिक 2024: ओलंपिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हुआ ऐलान, हरमनप्रीत सिंह के हाथों में टीम की बागडोर

ओलंपिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हुआ ऐलान, हरमनप्रीत सिंह के हाथों में टीम की बागडोर
  • हरमनप्रीत के हाथ में टीम की बागडोर
  • ओलंपिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हुआ ऐलान
  • पेरिस ओलंपिक 2024 की तैयारी में जुटी हॉकी टीम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए बुधवार को हॉकी इंडिया ने पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया है। भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी के 16 सदस्यीय स्क्वॉड की बागडोर तीसरी बार ओलंपिक में शामिल होने वाले ड्रैग-फ्लिकर और डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह के हाथों में रहेगी। बता दें, हरमनप्रीत ने 2016 रियो ओलंपिक में सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में डेब्यू किया था। साथ ही, 2020 टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने में भी उनका काफी योगदान रहा था। जानकारी के अनुसार, इस साल ओलंपिक का आयोजन 26 जुलाई से 11 अगस्त तक होगा।

टीम के उपकप्तान के रूप में मिडफील्डर हार्दिक सिंह को चुना गया है। इस साल टीम में पांच ऐसे खिलाड़ी को चुना गया है जो पहली बार ओलंपिक खेलों में कदम रखने जा रहे हैं। इस क्रम में, जरमनप्रीत सिंह, संजय, राज कुमार पाल, अभिषेक और सुखजीत सिंह शामिल हैं। टीम में इस बार महज एक गोलकीपर को चुना गया है जो कि पीआर श्रीजेश हैं। पीआर श्रीजेश के साथ मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ऐसे खिलाड़ी हैं जो चौथी बार ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक, मिडफील्डर नीलकांत शर्मा और डिफेंडर जुगराज सिंह को अल्टरनेट एथलीट के तौर पर टीम में जगह मिली है।

भारतीय स्क्वॉड के चयन पर टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, "पेरिस ओलंपिक की टीम के लिए चयन प्रकिया हमारे खिलाड़ीयों में मौजूदा प्रतिभा की गहराई के कारण अविश्वसनीय रूप से प्रतिस्पर्धी थी। हालांकि, मुझे विश्वास है कि चुना गया हर खिलाड़ी पेरिस में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।"

उन्होंने आगे कहा, "यह टीम अनुभवी खिलाड़ीयों और होनहार युवा प्रतिभाओं का एक परफेक्ट मिश्रण है, जो हमें आगे की चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक उर्जा प्रदान करती है। हमारा ध्यान एक ऐसी टीम बनाने पर रहा जो विभिन्न खेल शैलियों और स्थितियों में ढल सके। मुझे विश्वास है कि हमने इसे हासिल कर लिया है।"

यह हैं पेरिस ओलंपिक के लिए चुने गए खिलाड़ी

गोलकीपर- पीआर श्रीजेश

डिफेंडर- जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय

मिडफील्डर- राजकुमार पाल, शमशेर सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद

फॉरवर्ड- अभिषेक, सुखजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मंदीप सिंह, गुरजंत सिंह

अल्टरनेट एथलीट- नीलकांत शर्मा, जुगराज सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक

Created On :   27 Jun 2024 10:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story