एमपी कांग्रेस कार्यकारिणी का हुआ ऐलान: पीसीसी चीफ बनने के 10 महीने बाद जीतू पटवारी की टीम घोषित, कमलनाथ और दिग्विजय को भी मिली अहम जिम्मेदारी

  • मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी हुई घोषित
  • जीतू पटवारी की 177 सदस्यीय जंबो टीम में 21 महिलाओं को भी जगह
  • कमलनाथ और दिग्विजय सिंह बने कार्यकारी सदस्य

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-26 17:35 GMT

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के 10 महीने बाद जीतू पटवारी की टीम का ऐलान हो चुका है। 177 सदस्यों वाली इस जंबो टीम में 21 महिलाओं को भी जगह दी गई है। कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव और विवेक तन्खा जैसे वरिष्ठ नेताओं को कार्यकारी सदस्य बनाया गया है।

प्रदेश कार्यकारिणी के 177 सदस्यों में से 17 उपाध्यक्ष, 71 महासचिव, 16 कार्यकारिणी सदस्य, 33 स्थाई आमंत्रित सदस्य और 40 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं।

कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को मिली अहम जिम्मेदारी

जीतू पटवारी की टीम में शामिल 16 कार्यकारी सदस्यों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। इस टीम के सदस्यों में पूर्व सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री ओमकार मरकाम, पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, पूर्व विधायक निलांशु चतुर्वेदी, पूर्व विधायक कुणाल चौधरी, मनोज चौहान और भूपेन्द्र मरावी के नाम शामिल हैं।

दिग्विजय के बेटे जयवर्धन समेत 17 उपाध्यक्ष बनाए

मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में 17 उपाध्यक्ष भी बनाए गए हैं। जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे और विधायक जयवर्धन सिंह का भी नाम शामिल है। 17 उपाध्यक्षों में दो महिलाएं हिना कांवरे और झूमा सोलंकी को जगह मिली है। उपाध्यक्षों में आरिफ मसूद, हामिद काजी, हिना कांवरे, लखन घनघोरिया, लखन सिंह यादव, महेंद्र जोशी, महेश परमार, फूल सिंह बरैया, प्रियवत सिंह, राजीव सिंह, रवि जोशी, सचिन यादव, सिद्धार्थ कुशवाहा, सुखदेव पांसे और सुरेंद्र हनी बघेल का नाम शामिल है। 

Tags:    

Similar News