झारखंड सियासत: चंपई सोरेन के मुख्यमंत्री पद छोड़ने पर बीजेपी नेता हुए हमलावर, असम सीएम हिमंत विस्वा सरमा और निशिकांत दुबे ने साधा निशाना

चंपई सोरेन के मुख्यमंत्री पद छोड़ने पर बीजेपी नेता हुए हमलावर, असम सीएम हिमंत विस्वा सरमा और निशिकांत दुबे ने साधा निशाना
  • असम सीएम हेमंत सरमा ने सोरेन पर साधा निशाना
  • झारखंड के लोग इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करेंगे- असम सीएम
  • मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार हुए थे हेमंत सोरेन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड में बुधवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुन लिया है। जिसके बाद हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता एक बार फिर साफ हो गया। हालांकि, इस मामले को लेकर राज्य ही नहीं बल्कि देश की सियासत गरमा गई है। मामले पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ आदिवासी नेता को मुख्यमंत्री पद से हटाना बेहद दुखद घटना है। उन्हें यकीन है कि झारखंड के लोग इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करेंगे। इसे दृढ़ता से खारिज करेंगे।

सीएम हिमंत विस्वा सरमा ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से कहा कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस पार्टी ने एक वरिष्ठ आदिवासी नेता को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया है। जो कि काफी दुखद घटना है। उन्होंने कहा- मुझे यकीन है कि झारखंड के लोग इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करेंगे और इसे दृढ़ता से खारिज करेंगे।

इधर, विधायक दल की बैठक में चंपाई सोरेन सीएम पद से हटाए जाने पर नाराजगी जताई। लेकिन, बैठक में हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुन लिया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड के राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। मीडिया से उन्होंने कहा कि हमारे गठबंधन ने नेतृत्व परिवर्तन का निर्णय लिया और हेमंत सोरेन को हमने गठबंधन का नेता चुना है।

हाल ही में सोरेन को मिली है जमानत

बता दें कि जमीन घोटाला मामले में जेल में कैद झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन 5 दिन पहले ही जमानत पर रिहा हुए हैं। रांची के बरियातु स्थित साढ़े 8 एकड़ की जमीन घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने 31 जनवरी 2024 को हेमंत सोरेने को गिरफ्तार किया था। वह करीब 5 महीने बाद जेल से रिहा हुए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने 31 करोड़ रुपये से ज्यादा की करीब 9 एकड़ जमीन अवैध रूप से हासिल की है। उनके 31 जनवरी को सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद ईडी उन्हें जमीन घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था।

निशिकांत दुबे ने साधा निशाना

बीजेपी नेता और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में चंपाई सोरेन युग समाप्त, परिवारवादी पार्टी में परिवार के बाहर के लोगों का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। काश आंदोलनकारी मुख्यमंत्री बिरसा भगवान से प्रेरित होकर भ्रष्टाचारी हेमंत सोरेन जी के खिलाफ खड़े हो पाते?

Created On :   3 July 2024 4:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story