हाथरस हादसा: सत्संग में भगदड़ मचने से 116 से ज्यादा लोगों की मौत, कई घायल, बाबा की तलाश में जुटी पुलिस

सत्संग में भगदड़ मचने से 116 से ज्यादा लोगों की मौत, कई घायल, बाबा की तलाश में जुटी पुलिस
  • सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से हुआ बड़ा हादसा
  • पूजा समापन के दौरान अचानक मची भगदड़
  • 116 से ज्यादा लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के हाथरस स्थित सिकंदराराऊ में सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। इस भीषण भगदड़ में 116 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। साथ ही, 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हादसे का शिकार कई महिलाएं हुई हैं। घायल महिलाओं और बच्चों को एटा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, भोले बाबा का सत्संग जारी था। इसके बाद पूजा समापन के दौरान अचानक भगदड़ मच गया। जिसके चलते 116 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। हादसे में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे घायल हुए हैं।

116 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका

अब तक 116 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें ज्यादात्तर महिलाओं का शव शामिल हैं। सीएमओ ने बताया कि सिकंदराराऊ के पास एक सत्संग चल रहा था। जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। उन्होंने कहा कि मरने वाले लोगों का आंकड़ा अभी और भी बढ़ सकता है। घायल लोगों को अस्पताल में लाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थानाक्षेत्र के फुलरई गांव में भोले बाबा का सत्संग चल रहा था। वहां भगदड़ मची और अनेकों श्रद्धालुओं की मौत हो गई है।

Live Updates

  • 2 July 2024 3:22 PM GMT

    हाथरस की दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण- सीएम योगी

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा- जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी, संदीप सिंह जी घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं तथा प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया है। ADG, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने ट्वीट किया, "यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में मरने वालों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार और घटनास्थल पर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।"

    हादसा अत्यंत पीड़ादायक- राजनाथ सिंह

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा- उत्तर प्रदेश के हाथरस ज़िले में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन सभी पीड़ितों की हरसंभव मदद कर रही है।

  • 2 July 2024 3:15 PM GMT

    समाचार अत्यंत पीड़ादायक- राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों को हर संभव उपचार एवं पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएं। INDIA के सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत और बचाव में अपना सहयोग प्रदान करें।

  • 2 July 2024 3:12 PM GMT

    घायलों का इलाज जारी- अलीगढ़ CO

    हाथरस भगदड़ पर अलीगढ़ CO राकेश कुमार सिसोदिया ने बताया, "अब तक 5 शव(अलीगढ़ मेडिकल अस्पताल में) आ चुके हैं जिसमें 4 महिलाएं और 1 बच्चा है। 4 लोग घायल हैं। घायलों का इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर हैं।"

  • 2 July 2024 3:10 PM GMT

    कई लोग मारे गए- सपा नेता शिवपाल यादव

    हाथरस भगदड़ पर समाजवादी पार्टी (सपा) नेता शिवपाल यादव ने कहा, "कई लोग मारे गए, कई लोग घायल भी हुए। प्रशासन और सरकार को जिम्मेदार लोगों के प्रति जिम्मेदारी तय करनी चाहिए थी।"

  • 2 July 2024 3:08 PM GMT

    भगदड़ की घटना की चश्मदीद का बयान

    हाथरस भगदड़ की घटना की एक चश्मदीद ने बताया, "हम आगरा से सत्संग में शामिल होने आए थे। मेरी 15 साल की बेटी लापता है। आगरा से करीब 20-25 लोग आए थे, लेकिन हमारी बेटी कहीं नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि उन्हें कुछ नहीं पता..."

  • 2 July 2024 3:07 PM GMT

    चश्मदीद ने दी घटना की जानकारी

    हाथरस भगदड़ की घटना के चश्मदीद सुरेश ने बताया, "मैं बदायूं से अपने परिवार के सदस्यों के साथ यहां आया था। भगदड़ के बाद मेरे छोटे भाई की पत्नी लापता है। हमें पता चला कि कई लोग लापता हैं। मैं माइक पर घोषणा कर रहा था, लेकिन इससे कोई मदद नहीं मिली।" 

  • 2 July 2024 3:06 PM GMT

    लोगों की मदद करनी चाहिए- राहुल गांधी

    हाथरस हादसे पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "सरकार को संवेदनशीलता के साथ लोगों की मदद करनी चाहिए। मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने प्रियजनों को खोया है।" 

  • 2 July 2024 3:04 PM GMT

    हाथरस भगदड़ पर पीएम ने सीएम योगी से की बात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से बात की। यूपी सरकार सभी पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

  • 2 July 2024 1:08 PM GMT

    60 मौतों की पुष्टि- हाथरस डीएम

    भगदड़ पर हाथरस DM आशीष कुमार ने कहा, " जिला प्रशासन काम कर रहा है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है और लोगों का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने मुझे करीब 50-60 लोगों की मौत का आंकड़ा बताया है। कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति SDM ने दी थी और यह एक निजी आयोजन था। मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद मुहैया कराना है।"

Created On :   2 July 2024 11:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story