पुतिन और किम जोंग की बड़ी डील: रूस से नॉर्थ कोरिया के लिए चलेगी ट्रेन, जुलाई से शुरू होगा सफर

रूस से नॉर्थ कोरिया के लिए चलेगी ट्रेन, जुलाई से शुरू होगा सफर
  • रूस से नॉर्थ कोरिया के लिए चलेगी ट्रेन
  • जुलाई से शुरू होगा ट्रेन का सफर
  • पुतिन और किम जोंग की डील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कुछ दिनों पहले नॉर्थ कोरिया के दौरे पर गए थे। इस दौरान पुतिन ने उत्तर कोरिया के लीडर किम जोंग उन के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर फैसला लिया। जानकारी के मुताबिक, रूस उत्तर कोरिया के लिए सीधे रेल सुविधा प्रारंभ करेगा। रूस से उत्तर कोरिया जाने वाली ट्रेन पहले भी चली थी। लेकिन साल 2020 में कोविड-19 महामारी के चलते सेवाएं बंद करनी पड़ी थी। दोनों देशों के लीडर ने रेल सर्विस को चार साल बाद फिर जुलाई से शुरू करने का फैसला लिया।

जुलाई से यात्रा होगी शुरू

उत्तर कोरिया की सीमा से सटे रूस के पूर्वी क्षेत्र प्रिमोर्स्की के गवर्नर ओलेग कोझेम्याको के हवाले से इंटरफैक्स ने बताया कि यह ट्रेन रूस के व्लादिवोस्तोक शहर से उत्तर कोरिया के बंदरगाह रासोन तक का सफर तय करेगी। लोग इस ट्रेन का लाभ जुलाई से उठा पाएंगे। न्यूज एजेंसी के मुताबिक उत्तर कोरिया सफर के दौरान यात्री खूबसूरती और प्रकृति का मजा ले सकेंगे। साथ ही उत्तर कोरिया के कल्चर के बारे में जानेंगे।

2000 में पहली बार गए नॉर्थ कोरिया

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 24 साल बाद फिर उत्तर कोरिया गए। बता दें पुतिन साल 2000 में पहली बार उत्तर कोरिया गए थे। पुतिन का स्वागत करने उत्तर कोरिया के लीडर किम खुद राजधानी प्योंगयांग के एयरपोर्ट पहुंचे थे। पुतिन के हवाईजहाज से उतरने के बाद किम ने उन्हें गले से लगाकर वेल्कम किया।

मिसाइल सप्लाई करेगा रूस

रूस के राष्ट्रपति हाल ही में उत्तर कोरिया जाकर किम जोंग से कई वादे कर के लौटे हैं। रेल सेवा शुरू करने के साथ उन्होंने उत्तर कोरिया को हथियार देने का भी वादा किया है। बैठक में पुतिन और किम ने वॉर के समय एक दूसरे की मदद करने का वादा किया है। साथ ही, पुतिन ने नॉर्थ कोरिया को युद्ध में काम आने वाली लॉन्ग रेंज मिसाइलें देने का भी वादा किया है।

Created On :   26 Jun 2024 4:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story