झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: सीट शेयरिंग के मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा इंडिया गठबंधन, अब राहुल गांधी करेंगे सीएम सोरेन से मुलाकात

सीट शेयरिंग के मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा इंडिया गठबंधन, अब राहुल गांधी करेंगे सीएम सोरेन से मुलाकात
  • राहुल गांधी करेंगे सीएम सोरेन से मुलाकात
  • 20 अक्टूबर को होगी दोनों नेताओं के बीच मुलाकात
  • झारखंड में दो चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड में अगले महीने दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसे लेकर इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि 77 सीटों पर सहमति बन गई है। लेकिन चार सीटों पर अभी मामला फंसा हुआ है। जिस पर चर्चा जारी है।

बता दें कि, झारखंड में इंडिया गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और माले शामिल है। ये चारों पार्टी मिलकर झारखंड में चुनाव लड़ने जा रही है। हालांकि, कुछ सीटों पर अभी इन पार्टियों में सहमति नहीं बन पाई है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी झारखंड की राजधानी रांची पहुंचेंगे। जहां वे सीएम हेमंत सोरेन और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से बात करेंगे। इस दौरान सीट शेयरिंग को लेकर भी मामला साफ हो जाएगा।

किसे कितनी सीटें मिल सकती है

सूत्रों के मुताबिक, 81 विधानसभा सीटों वाले झारखंड में 43 से 45 सीटें झामुमो को मिल सकती है। वहीं, 28 से 30 सीटों पर कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ सकती है। जबकि, राजद के खाते में 6-7 सीटें जा सकती है। इसके अलावा माले को 3 से 4 सीट मिलने की चर्चा है।

गौरतलब है कि, 20 अक्टूबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी रांची दौरे पर जाने वाले हैं। इस दौरान वे हेमंत सोरेन और तेजस्वी यादव से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इसी दौरान इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर फाइनल बात होगी। इसके बाद सीट बंटवारे को लेकर ऐलान कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि 20 अक्टूबर के बाद ही कांग्रेस अपने प्रत्याशियों का भी ऐलान करेगी।

जल्द होगा सीट बंटवारा

सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर पहले बता चुके हैं कि तीन राउंड की बात हो गई है। लगभग सभी सीटों पर चर्चा हो गई है। गुलाम अहमद मीर ने कहा है कि पार्टी उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर जल्द ही ऐलान भी कर सकती है।

2019 चुनाव में क्या हुआ था

बता दें कि, 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान झामुमो ने 43 सीटों पर चुनाव लड़ा था। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने 31 सीटों पर चुनाव लड़ा थी। इसके अलावा राजद 7 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। जिसमें झामुमो को 30, कांग्रेस को 16 और राजद को एक सीट पर जीत मिली थी।

Created On :   19 Oct 2024 9:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story