झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: चिराग पासवान को मिली सिर्फ एक सीट, बीजेपी 68, आजसू 10 और जेडीयू 2 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, तय हुआ एनडीए का सीट शेयरिंग फॉर्मूला

चिराग पासवान को मिली सिर्फ एक सीट, बीजेपी 68, आजसू 10 और जेडीयू 2 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, तय हुआ एनडीए का सीट शेयरिंग फॉर्मूला
  • चिराग पासवान को मिली एक सीट
  • नीतीश की पार्टी को मिली दो सीट
  • बीजेपी 68 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड चुनाव के लिए एनडीए में सीट बंटवारे का ऐलान हो गया है। जिसके मुताबिक, बीजेपी राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) को 10 और जेडीयू 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी को भी एनडीए कोटे से 1 सीट मिली है।

असम के मुख्यमंत्री और भाजपा झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "सीटों पर चर्चा हो रही है आगे भी चर्चा जारी रहेगी। अभी तक की चर्चा में AJSU 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। JDU 2 सीटों और LJP 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा बाकी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसमें थोड़े बहुत बदलाव हो सकते हैं।" सीएम हेमंत विस्वा सरमा ने कहा कि चुनाव पीएम मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

आजसू इन 10 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

एनडीए कोटे से आजसू को दस सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिला है। आजसू को जो दस सीटें मिली हैं। उनमें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, इचागढ़, मांडू, जुगसलिया, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर सीट शामिल है।

2 सीटों पर जेडीयू, चिराग को 1 सीट

वही, जेडीयू झारखंड की जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीट पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी-आर चतरा पर चुनाव लड़ेगी।

झारखंड में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा। वहीं, दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को आएगा। जिसके नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। राज्य में 81 विधानसभा सीटें हैं। जिसमें बहुमत का आंकड़ा 42 सीट है। बता दें कि, इस राज्य में इंडिया गठबंधन की सरकार है। वहीं, बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन राज्य में बीते पांच सालों से सत्ता से दूर है।

Created On :   18 Oct 2024 8:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story