New Delhi News: महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को संरक्षण देती है भाजपा - कांग्रेस

  • महिला कांग्रेस ने रोशनी जायसवाल के लिए न्याय की मांग की
  • रोशनी जायसवाल को प्रताड़ित करने का आरोप

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-28 15:10 GMT

New Delhi News : महिला कांग्रेस ने वाराणसी की रोशनी जायसवाल की प्रताड़ना से जुड़े मामले को उठाते हुए भाजपा पर महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। यहां कांग्रेस मुख्यालय में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा और पार्टी विधायक विनेश फोगाट ने उत्तरप्रदेश सरकार पर रोशनी जायसवाल को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रोशनी का कसूर सिर्फ इतना है कि वह बेटियों की लड़ाई लड़ रही है। अलका लांबा और फोगाट ने कहा कि जायसवाल ने बीएचयू की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ आवाज उठाई और भाजपा नेता राजेश सिंह द्वारा दी जा रही दुष्कर्म की धमकियों का भी विरोध किया। इसका खामियाजा आज रोशनी को उठाना पड़ रहा है।

लांबा ने कहा कि रोशनी 40 दिनों से न्याय मांग कर रही है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रोशनी के लिए न्याय मांगा और कहा कि देश के प्रधानमंत्री उत्तरप्रदेश के जिस संसदीय क्षेत्र वाराणसी से चुनकर आते हैं, यह उसकी वाराणसी की बेटी है। विनेश फोगाट ने हरियाणा के आईपीएस अधिकारी द्वारा महिला पुलिसकर्मियों के साथ यौन उत्पीड़न का मसला उठाते हुए कहा कि हरियाणा मंे छह सात महिलाओं ने कथित रूप से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर एक एसपी की शिकायत की है, जिसमें बताया गया है कि उनके साथ गलत हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्पीड़न झेलने वाली महिलाओं की लड़ाई पुरजोर तरीके से लड़ेगी।

Tags:    

Similar News