विरोध: युवाओं को नशे में धकेला जा रहा, बार व पब के विरोध में राकांपा का प्रदर्शन

युवाओं को नशे में धकेला जा रहा, बार व पब के विरोध में राकांपा का प्रदर्शन
  • मध्यरात्रि तक चल रहे अवैध टैरेस बार, पब व हुक्का पार्लर
  • कार्रवाई की मांग को लेकर रास्ते पर राकांपा अजित गुट
  • लोगों को हो रही परेशानी, ध्यान न देने पर उग्र आंदोलन करेंगे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मध्यरात्रि तक चल रहे अवैध टैरेस बार, पब व हुक्का पार्लर पर कार्रवाई की मांग को लेकर राकांपा अजित गुट के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सोमवार को शंकर नगर चौक में प्रदर्शन का नेतृत्व शहर अध्यक्ष प्रशांत पवार व राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विश्वजीत तिवारी ने किया।

आठ दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन : पवार ने कहा कि, शहर में मादक पदार्थ के अवैध व्यवसाय को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य में अवैध टैरेस बार, पब, हुक्का पार्लर पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वर्धा मार्ग, रामदासपेठ, रामनगर, धंतोली, लक्ष्मीनगर, सदर, हिंगना मार्ग, सेंट्रल एवेन्यू, सिविल लाइन व अन्य आवासीय परिसर में रूफ टॉप होटल्स, पब व हुक्का पार्लर की संख्या अधिक है। मध्यरात्रि तक म्युजिक सिस्टम व डीजे की आवाज सुनाई देती है। 8 दिन में इन स्थानों पर कार्रवाई नहीं होने पर राकांपा शहर में तीव्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में राजेश माटे, सुनीता येरणे, रवि पराते, राकेश बोरीकर, योगेश ठाकरे, सुखदेव वंजारी, समीर रहाटे, कपिल मेश्राम, लक्ष्मीकांत पांडे, सलाम शेख, इस्लाम अहमद, बीरुसिंग, संकेत नागपुरकर, मिलिंद महोदवकर, निलिकेश कोल्हे, आल्हाद जंगम सहित अन्य कार्यकर्ता थे।

पुलिस मुख्यालय ने अधिकारी और कर्मचारियों को दी नए कानून की बुक : पुलिस मुख्यालय की ओर से पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुराने कानून के बदले नए कानून के बारे में जानकारी के लिए बुक दी गई। साथ ही पुलिस को एक एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) जारी की गई है, जिसमें अपराध, महिला व बच्चों से जुड़े मामले, संपत्ति, आर्थिक अपराध, संगठित गिरोह, आतंकी कार्रवाई और दुर्घटना संबंधी जानकारी दी गई है। भारतीय नागरी संहिता (बीएनएस ) 2023, भारतीय नागरी संरक्षण संहिता (बीएनएसएस) 2023 आैर भारतीय साक्ष्य कानून (बीएसए) 2023 में ब्रिटिशकालीन भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), फौजदारी प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की जगह भारतीय साक्ष्य कानून ने जगह ले ली है।

मोबाइल से भी कर सकेंगे एफआईआर : सीताबर्डी स्थित मोरभवन में नए आपराधिक कानून संबंधी शहर पुलिस शांतता कमेटी की बैठक हुई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुधीर नंदनवार ने समिति के सदस्यों को नए कानून के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया गया कि, अब नागरिक अपने मोबाइल से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इस दौरान उपस्थितों को विजुअल और ऑडियो के माध्यम से जानकारी दी गई। शहर के सभी थानों को अब नई तकनीक से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसे जल्द पूरा किया जाएगा। शहर के नागरिक अब बाहर के थानों में भी अपने शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकेंगे। उन्हें इसके लिए संबंधित थाने में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह तकनीक जल्द ही लागू की जाएगी। समिति के सदस्यों में हरजीतसिंह बग्गा, वरिष्ठ पत्रकार आनंद निर्बाण सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। शहर के अजनी, यशोधरा नगर, कामठी सहित अन्य कई थानों में नए आपराधिक कानून के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

Created On :   2 July 2024 8:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story