सुरक्षा: नागपुर के दीक्षाभूमि पर 1000 जवान तैनात, सुरक्षा बढ़ी , सभी रास्ते बंद

नागपुर के  दीक्षाभूमि पर 1000 जवान तैनात, सुरक्षा बढ़ी , सभी रास्ते बंद
  • परिसर में 4 वॉच टॉवर से की जा रही निगरानी
  • तोड़फोड़-आगजनी करने वालों पर मामले दर्ज
  • नियमित अभिवादन करने वालों को भी अनुमति नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर । भूमिगत पार्किंग के विरोध में दीक्षाभूमि पर राज्य भर से आए कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़फोड़-आगजनी करने के बाद पुलिस ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। खबर थी कि मंगलवार को भी कुछ लोग दीक्षाभूमि परिसर में आकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। ऐसे में स्थिति और बिगड़ने की आशंका थी। हालात को देखते हुए सहपुलिस आयुक्त अश्वती दोरजे, चार जोन के डीसीपी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को दीक्षाभूमि पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।

दीक्षाभूमि परिसर छावनी में तब्दील : पुलिस ने दीक्षाभूमि परिसर को छावनी का स्वरूप देकर करीब एक हजार पुलिस जवानों की तैनाती की है। सुरक्षा के मद्देनजर दीक्षाभूमि की तरफ जाने वाले चारों रास्ते बंद कर दिए हैं। काछीपुरा से अण्णाभाऊ साठे चौक, अण्णाभाऊ साठे चौक से लक्ष्मीनगर चौक, लक्ष्मीनगर से बजाजनगर तक बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद किए गए। किसी को भी परिसर में जाने नहीं दिया गया। जो अनुयायी नियमित अभिवादन करने के लिए दीक्षाभूमि जा रहे थे, उन्हें भी इसकी अनुमति नहीं दी गई। इसे लेकर कुछ लोगों का पुलिस से विवाद भी हुआ। इसकी एक बड़ी वजह परिसर में बिखरा पड़ा निर्माणकार्य साहित्य भी बताया गया है। साहित्य बिखरा होने से अनुयायियों को नुकसान पहुंचने का भी संदेह जताया गया। परिसर में प्रवेश नहीं दिए जाने से बड़ी संख्या में लोग चौक पर जमा रहे।

पुलिस दर्ज कर रही केस : इस बीच बजाजनगर पुलिस ने दीक्षाभूमि परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों की पहचान कर मामले दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गैरकानूनी तरीके से सड़क पर उतरना, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और आगजनी करने के मामले में कई अज्ञात लोगों पर प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं।

बाहरी लोगों पर गहराया शक : पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार को जो आंदोलन हुआ है, उसमें ज्यादातर बाहरी लोग थे। नागपुर के लोग कम थे। ऐसे में इसकी भी जांच की जा रही है कि बाहर से लोग किसके बुलावे पर आए थे। आशंका है कि कुछ लोगों ने परिसर में हुड़दंग को हवा देने का भी काम किया। वॉट्सएप ग्रुप के जरिये भी लोगों को उकसाने का काम होने का संदेह है। पुलिस सभी दिशा में जांच कर रही है। परिसर में 4 वॉच टॉवर लगाए गए हैं। वॉच टॉवर सहित सीसीटीवी से गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

Created On :   3 July 2024 9:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story