नागपुर: सरेआम खोदी जा रही सड़कें, मूकदर्शक बने अधिकारियों से करें खर्च की वसूली

  • सड़कों की स्थिति का जिक्र
  • विधायक विकास ठाकरे ने मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी को पत्र लिखा
  • बड़ी लागत से निर्मित सड़कों को सरेआम खोदा जा रहा

Bhaskar Hindi
Update: 2024-05-13 14:19 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर में सड़कों की स्थिति का जिक्र करते हुए कांग्रेस के शहर अध्यक्ष व विधायक विकास ठाकरे ने मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी को पत्र लिखा है। ठाकरे के अनुसार बड़ी लागत से निर्मित सड़कों को सरेआम खोदा जा रहा है। मनपा व राज्य प्रशासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है। मूकदर्शक बने अधिकारियों से इन खर्चाें की वसूली की जाए। पाईपलाइन डालने के लिए सड़कें खोदी गई है। ठेका कंपनियों नियमों का पालन नहीं कर रही है। सड़क पर मिट्टी,पाईप व अन्य सामग्री रखने से दुर्घटनाएं हो रही हैं।

मानसून के पहले सड़कों की समुचित मरम्मत आवश्यक है। स्टर्म वाटर ड्रेनेज के लिए मनपा प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये खर्च करती है। लेकिन थोड़ी बारिश होने पर ही सीताबर्डी जैसे प्रमुख यातायात भरे क्षेत्र में नांव चलने लगती है। भ्रष्टाचार पर कोई नियंत्रण नहीं है। कई स्थानों पर सड़कों को खोदने से गड्ढे बने हुए हैं। सड़क खोदने के लिए सेफ्टी बैरिकेड नहीं लगायी गई है। अभ्यंकर नगर रोड पर वीएनआई से श्रद्धानंदपेठ चौक, जीरो माइल मेट्रो स्टेशन से रेल्वे स्टेशन की ओर जानेवाले मार्ग, जीरो माइल से मेट्रो स्टेशन मार्ग, पुराने वीसीए स्टेडियम से मनपा मुख्यालय विधानसभा चौक, इनर रिंग रोड, नरेंद्र नगर चौक से शताब्दी चौक की स्थिति देखी जा सकती हैं।

नागपुर में जी 20 परिषद के लिए राज्य शासन ने 200 करोड़ की निधि मंजूर की थी। उसके लिए निर्मित सड़क को नहीं खोदने की शर्त रखी गई थी। लेकिन शर्त का उल्लंघन कर मनपा ही सड़क खोदने लगी है। 3 नवंबर 2023 को जिलाधिकारी को इस संबंध में लिखित शिकायत दी गई है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। केंद्र सरकार की अमृत योजना के अंतर्गत शहर में 2016 में जलवाहिनी मंजूर की गई।

उसके बाद अनेक सड़कों का डामरीकरण व सीमेंटीकरण किया गया। लेकिन जिस परिसर पर पाइपलाइन प्रस्तावित है उस स्थापन पर पाइप लाइन डालने के बाद सड़क निर्माण किया जाता तो करोड़ों की आर्थिक बचत होती। कुछ ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए निधि का दुरुपयोग किया जा रहा है। तेलंगखेडी रामनगर में खेल मैदान पर ठेकेदार ने अवैध कब्जा किया है।


Tags:    

Similar News