Nagpur News: नागपुर मनपा को मिले तीन उपायुक्त , पदोन्नति से मनपा को राहत

नागपुर मनपा को मिले तीन उपायुक्त , पदोन्नति से मनपा को राहत
  • अब भी बड़े पैमाने पर रिक्त हैं पद
  • तकनीकी सहायकों की पदोन्नति की सूची भी जारी
  • लंबे समय से 7 उपायुक्त एवं 22 सहायक आयुक्त के पद खाली

Nagpur News चुनाव की घोषणा से पहले राज्य सरकार से पदोन्नति के आदेश के चलते महानगरपालिका प्रशासन को राहत मिली है। पदोन्नति आदेश में मनपा को तीन उपायुक्त दिए गए हैं, हालांकि इनमें से अब तक किसी भी अधिकारी ने पदभार नहीं संभाला है। मनपा के मंगलवारी जोन के सहायक आयुक्त अशोक गराटे भी इस पदोन्नति में शामिल है। ऐसे में मंगलवारी जोन के सहायक आयुक्त के साथ ही मुख्यालय में उपायुक्त का पदभार संभालने की संभावना है। नए दो अधिकारियों में वाड़ी के मुख्याधिकारी विजय देशमुख को उपायुक्त बनाया गया है, जबकि राजस्व विभाग के सह आयुक्त विनोद जाधव को मनपा के परिवहन विभाग में व्यवस्थापक के रूप में नियुक्ति दी गई है।

मनपा के आस्थापना विभाग से 11 अक्टूबर को तकनीकी सहायकों की पदोन्नति की सूची भी जारी हुई है। इस सूची में 30 स्थापत्य अभियांत्रिकी सहायकों को पदोन्नति देकर कनिष्ठ अभियंता बनाया गया है। इन तकनीकी सहायकों की पदोन्नति लंबे समय से रूकी हुई थी। कई मर्तबा निवेदन और मांग के बाद आखिरकार 10 जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में पदोन्न्ति को मंजूरी दी गई है। हालांकि मनपा के आस्थापना विभाग के आदेश में कनिष्ठ अभियंता की जिम्मेदारी संभालने वाले विभागों में ही नियुक्ति दी गई है। इन अधिकारियों में स्लम विभाग के देवचंद काकड़े, नगररचना विभाग की स्वाती चिंचखेड़े, स्लम विभाग के राकेश झाड़े, धंतोली जोन में कार्यरत नगररचना विभाग के कृष्णा कोल्हे समेत अन्य का समावेश है।

उपायुक्त और सहायक आयुक्त की कमी बरकरार : लंबे समय से मनपा में मान्य 7 उपायुक्त एवं 22 सहायक आयुक्त के अधिकतर पद रिक्त बने हुए है। राज्य सरकार से प्रतिनियुक्ति पर 3 उपायुक्त तैनात होते है, लेकिन इनमें से फिलहाल विजया बनकर ही मौजूद है, हाल ही में दो नए उपायुक्त का आदेश निकला है, लेकिन अब तक पदभार नहीं संभाला है। मनपा में राज्य सरकार की प्रतिनियुक्ति के 2 उपायुक्त पद रिक्त है। इसके साथ ही 22 सहायक आयुक्त में से भी अब केवल 4 पर ही अधिकारी कार्यरत है, इनमें घनश्याम पंधरे, गणेश राऊत, अशोक गराटे और हरिश राऊत का समावेश है। सहायक आयुक्त मिलिंद मेश्राम, प्रकाश वराड़े और सांख्यिकी अधिकारी डॉ रंजना लाड़े को विभागीय पदोन्नति में उपायुक्त बनाया जा चुका है। इनमें से प्रकाश वराड़े को धरमपेठ और मिलिंद मेश्राम को लक्ष्मीनगर के सहायक आयुक्त का भी पदभार दिया गया है।

आला अधिकारी के पद रिक्त : मनपा प्रशासन में तीन अतिरिक्त आयुक्त के पद को मान्यता दी गई है। दो अधिकारी राज्य सरकार से और एक अधिकारी आंतरिक पदोन्नति से कार्यरत होते है, लेकिन पिछले कई सालों से पदभर्ती नहीं होने से मनपा के आंतरिक पदोन्नति से कोई भी अधिकारी अतिरिक्त आयुक्त नहीं हो पाया है। वर्तमान में आंचल गोयल और अजय चारठाणकर के रूप में राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद है, लेकिन मनपा से पदोन्नति का पद रिक्त अना हुआ है। यहीं स्थिति उपायुक्त् को लेकर भी बनी हुई है।

Created On :   16 Oct 2024 10:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story