Bhopal News: राज्य स्तरीय कला उत्सव में सरकारी स्कूलों के बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, दिखी प्रदेश की बहुरंगी संस्कृति की झलक

कन्हाई ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं स्कूल शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या 2023 के व्यापक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए, प्रतिवर्ष सन 2015 से स्कूली विद्यार्थियों के लिए कला उत्सव का आयोजन किया जाता है।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-16 10:44 GMT

Bhopal News: शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार एवं राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान परिषद द्वारा संयुक्त रूप से मंगलवार को राज्य स्तरीय कला उत्सव का आयोजन भोपाल में किया गया। राजेश कन्हाई ने बताया कि शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा इस वर्ष "विकसित भारत 2047" एक व्यापक दृष्टिकोण थीम पर गायन, वादन, नृत्य, नाट्य, कहानी वाचन एवं चित्रकला, मूर्ति कला एवं स्थानीय शिल्प उप श्रेणियों में कला उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कन्हाई ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं स्कूल शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या 2023 के व्यापक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए, प्रतिवर्ष सन 2015 से स्कूली विद्यार्थियों के लिए कला उत्सव का आयोजन किया जाता है।

इसी कड़ी में राज्य स्तरीय कला उत्सव का उद्घाटन मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तबला गुरु पंडित किरण देशपांडे के मुख्य अतिथि में संपन्न हुआ। मध्य प्रदेश के सभी नौ संभागों के स्कूली विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश के बहुरंगी सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इसमें निमाड़ का नौरता नृत्य, बुंदेलखंड का बुंदेली नृत्य, महाकौशल का बरेदी नृत्य एवं मालवा अंचल के जनजाति नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां हुईं। इसके साथ-साथ गायन प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने प्रदेश के लोकगीतों की सामूहिक प्रस्तुति दी। वादन प्रतियोगिता में स्कूली विद्यार्थियों ने तबला, सरोद, सितार, बांसुरी जैसे वाद्य यंत्रों पर अपनी प्रस्तुति दी। इसके साथ-साथ इस वर्ष एनसीईआरटी द्वारा "कहानी वाचन" एक नई थीम पर आयोजित किया गया, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी शैली में कहानी प्रस्तुत की।

साथ ही नाटक विधा में सभी संभागों ने महान व्यक्तियों एवं विकसित भारत की संकल्पना पर अपनी नाट्य प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि दो दिन चलने वाले इस राज्य स्तरीय कला उत्सव में आज भी प्रतियोगिताएं जारी रहेंगी। चित्रकला, मूर्ति कला, स्वदेशी खेल, खिलौने एवं स्थानीय शिल्प विषय पर सभी विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट बनाए हैं। कल प्रतियोगिता का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर नोडल अधिकारी कला उत्सव एवं संयुक्त संचालक लोक शिक्षण अरविंद चौरगड़े सहित प्रवीण शेवलीकर एवं पंडित अभय भी उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News