Amrawati News: शराब के लिए सौ रुपए मांगे , 20 रुपए दिए तो चौक पर ही कर दी हत्या

  • जिला अस्पताल में तनाव की स्थिति बनी रही
  • स्थिति नियंत्रित करने पुलिस को बंदोबस्त लगाना पड़ा
  • क्षेत्र में लोगों के बीच अच्छी पकड़ रखता था गोलू

Amrawati News शराब पीने के लिए 100 रुपए मांगने पर सिर्फ 20 रुपए क्यों दिए, इस बात को लेकर विवाद के चलते निशांत उर्फ गोलू सुनील उसरेटे (34, झाड़पीपुरा, तीसरा नागोबा, रतनगंज) के सीने में चाइना चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी। यह सनसनीखेज हत्याकांड 15 अक्टूबर की रात 10.30 बजे के दौरान चित्रा चौक स्थित मैक्स मॉल के सामने हुआ। अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में 7 दिनों में हत्या की यह पांचवीं घटना है।

रतनगंज व मसानगंज परिसर में काफी परिचित रहने वाले निशांत उर्फ गोलू की हत्या की खबर परिसर में पहुंचते ही लोगों की भीड़ जिला सरकारी अस्पताल में जमा हो गई। इस समय मृतक के रिश्तेदार और मित्रों ने हंगामा करते हुए जबरदस्त रोष व्यक्त किया। देर रात जिला अस्पताल में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। जिससे पुलिस को बंदोबस्त लगाना पड़ा। बुधवार को सुबह 7 बजे से रतनगंज व मसानगंज के लोगों की भीड़ राणा निवास पर जमना शुरू हो गई। सुबह 10.30 बजे तक सैकड़ों लोगों के जमावड़े ने गोलू के हत्यारों को तत्काल पकड़ने की मांग रवि राणा से की। इसके बाद यह भीड़ जिला अस्पताल पहुंची। फिर यहां से आगबबूला भीड़ ने कोतवाली थाने को घेर लिया। जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक रही।

आधा घंटा जमा रही भीड़ को कड़े पुलिस बंदोबस्त में डीसीपी गणेश शिंदे ने समझाया कि दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने से लोगों का गुस्सा शांत हुआ। जानकारी के अनुसार गोलू उसरेटे शहर में सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा निकालता था। उसकी 200 लोगों की टीम है। उसके पिता सुनील उसरेटे भी गडगडेश्वर मंदिर में साल में दो बार अपने बूते पर महाप्रसाद का आयोजन करते थे। इसीलिए रतनगंज व मसानगंज में गोलू काफी लोकप्रिय था। घटना वाले दिन रतनगंज परिसर की एक दुर्गा मूर्ति का मंगलवार 15 अक्टूबर को कौंडण्यपुर में विसर्जन किया गया। कौंडण्यपुर से लौटते समय कार्यकर्ताओं में से विशाल कराले (मसानगंज) सड़क दुर्घटना में जख्मी हुआ। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस कारण रतनगंज व मसानगंज परिसर के कुछ लोग विशाल को देखने इर्विन अस्पताल पहुंचे थे। जिसमें निशांत उर्फ गोलू सुनील उसरेटे और उसी परिसर में रहने वाले विक्की गुप्ता व उसके एक साथी योगेश गरुड (मांडवा झोपड़पट्‌टी) का भी समावेश था।

इर्विन अस्पताल में विक्की गुप्ता ने गोलू को शराब पीने के लिए 100 रुपए मांगे। गोलू ने उसे 100 रुपए दिए। उसके बाद गोलू उसरेटे किसी काम से श्याम चौक पर आया। वहां से लौटते समय उसे विक्की गुप्ता और योगेश गरुड बापट चौक स्थित भमोरे की शराब दुकान के पास मिले। यहां विक्की ने गोलू को फिर 100 रुपए मांगे। तब गाेलू ने उसे 20 रुपए निकालकर दिए। उस समय योगेश ने तुझे 100 रुपए मांगे तो 20 रुपए क्यांे दे रहा है। ऐसा कहते हुए गाेलू को गालियां दीं। तब गोलू ने कहा कि मैं तुझे नहीं जानता। यह सुनकर जेब से योगेश ने चाइना चाकू निकाला। चाकू देखते ही गोलू वहां से चित्रा चौक की ओर भागने लगा। तब योगेश और विक्की ने उसका पीछा कर उसे मैक्स मॉल के सामने रोका और योगेश ने गोलू के सीने में चाकू घोंप दिया। उस समय विक्की गुप्ता भी योगेश के साथ गोलू को मारने लगा। गोलू पर हमले के बाद दोनों वहां से भाग गए। जिस समय गोलू उसरेडे पर हमला हुआ। उस समय उसके साथ गोपाल नाम का उसका एक मित्र था। जो चाकू देखते ही वहां से भाग निकला।

महाराज कालीचरण को लाया था अमरावती : श्रावण मास में मसानगंज परिसर से निकाले जाने वाली कावड़ यात्रा के दौरान अकोला के विवादित महाराज कालीचरण को अमरावती में मसानगंज परिसर में पहली बार गोलू उसरेडे ने ही लाया था। इस कारण उस परिसर में गाेलू को मानने वाला काफी बड़ा वर्ग है।

Created On :   17 Oct 2024 2:13 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story