Amrawati News: अमरावती की अंबादेवी और एकवीरा देवी के 21 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

अमरावती की अंबादेवी और एकवीरा देवी के 21 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन
  • दान पेटी, ऑनलाइन और रसीद बुक के जरिए मिला लाखों का चढ़ावा
  • 6.20 लाख से अधिक महिलाओं ने ओटी भरी
  • प्रतिदिन महाप्रसाद भी बांटा गया

Amrawati News विदर्भ कुलस्वामिनी अंबा देवी व एकवीरा देवी के दर्शन के लिए इस बार नवरात्रि उत्सव में भक्तों की रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिली। नवरात्रि के पहले दिन 3 अक्टूबर से दशहरा पर्व 12 अक्टूबर तक शहर समेत जिले तथा दूर दराजों से आए 21 लाख 40 हजार से अन्य जिलों से आए भक्तों ने देवी के दर्शन का लाभ लिया है। अंबा नगरी में दानदाताओं की कमी नहीं है। जहां इस बार दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों ने दान पेटी, ऑनलाइन और रसीद बुक के जरिए चढ़ाया गया लाखों रुपए का चढ़ावा की गिनती पिछले चार दिनों से जारी है।

6.20 लाख से अधिक महिलाओं ने भरी ओटी : विशेषतौर से भक्तों में महिलाओं का समावेश सर्वाधिक देखा गया है। दर्शन के लिए पहुंचने वाली महिलाओं में से अधिकांश महिलाएं अपनी मनोकामना को लेकर अंबा देवी व एकवीरा देवी की ओटी भरती है। इस नवरात्रि में 6.20 लाख से अधिक महिलाओं ने आदिशक्ति मां अंबा देवी व एकवीरा देवी की ओटी भरी है।

पुलिस प्रशासन का माना आभार : अंबा व एकवीरा देवी संस्थान द्वारा इस बार 350 सेवादारियों की सहायता ली गई थी, लेकिन लाखों की भीड़ को संभालने का मुख्य जिम्मा पुलिस प्रशासन का था। पुलिस प्रशासन द्वारा बखूबी अपना कर्तव्य निभाया। पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्‌डी से लेकर राजापेठ, खोलापुरी गेट, नागपुरी गेट और कोतवाली थाने के अधिकारी, कर्मचारी दिन-रात सुरक्षा में तैनात थे। इसके लिए अंबा व एकवीरा देवी संस्थान की ओर से पुलिस प्रशासन का आभार माना गया है।

65 हजार ने लिया महाप्रसाद का लाभ : एकवीरा देवी संस्थान द्वारा इस बार नि:शुल्क महाप्रसाद का आयोजन किया गया था। रोजाना 6 हजार से अधिक भक्त महाप्रसाद ले रहे थे। नवरात्रि उत्सव में कुल 65 हजार से अधिक भक्तों ने महाप्रसाद का लाभ लिया है। आने वाले साल में अधिक से अधिक भक्तों को इसका लाभ मिलने हेतु नियोजन में बदलाव करने हेतु एकवीरा देवी ट्रस्ट के पदाधिकारी प्रयासरत हैं।

30 करोड़ की लागत से होगा मंदिर का नवीनीकरण : अंबा देवी मंदिर के नूतनीकरण का मामला पिछले कुछ वर्षों से लंबित है। जहां संंस्था के पदाधिकारियों की सहमति से कुछ संपत्ति को बेचकर तथा भक्तों द्वारा दिए गए दानरूपी धन की सहायता से करीब एक साल में मंदिर के नूतनीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए 30 करोड़ का बजट बनाया गया है। इसमें से 15 करोड़ केवल मंदिर के गर्भगृह पर खर्चा होगा। साढ़े पांच हजार साल पुराना देवी का मंदिर रहने से विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है। मंदिर के अध्यक्ष विद्याताई देशपांडे इस कार्य के लिए प्रयासरत है -रवींद्र खार्वे, अंबादेवी संस्था सचिव


Created On :   18 Oct 2024 9:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story