फ्रॉड: रुपए निवेश कर अधिक मुनाफे का लालच देकर ठेकेदार को 1.69 करोड़ से लगाया चूना

रुपए निवेश कर अधिक मुनाफे का लालच देकर ठेकेदार को 1.69 करोड़ से लगाया चूना
  • सरकारी ठेके में मुनाफे का दिया झांसा
  • 2022 से 2024 तक यह जालसाजी चलती रही
  • आरोपी के खिलाफ के धोखाधड़ी का मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, अमरावती । सरकारी ठेके का काम पूरा करने के लिए रुपए निवेश कर मुनाफे का झांसा देते हुए शहर के एक ठेकेदार को 1 करोड़ 68 लाख 94 हजार रुपए का चूना लगा दिया। 2022 से 2024 तक यह जालसाजी चलती रही। इस मामले में शांति निकेतन कॉलोनी निवासी ठेकेदार चंद्रशेखर पिंपले (58) ने सोमवार को राजापेठ थाने में जाकर शिकायत की । पुलिस ने आरोपी शिवम गजानन देशमुख (33, स्वावलंबी नगर) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर पिंपले ठेकेदार है। दो साल पहले आरोपी शिवम देशमुख से पहचान हुई थी। तब शिवम ने प्रतोष प्रिटिंग प्रेस ग्राफिक्स के संस्था का सरकारी ठेका मिलने की जानकारी दी थी। जबकि ठेके के संबंधित नकली दस्तावेज भी दिखाये थे। ठेके को चलाने के लिए रुपए निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा चंद्रशेखर पिंपले को दिया। तब रुपए की लालच में आकर चंद्रशेखर ने शिवम देशमुख को अलग-अलग जगह से रुपए इकठ्ठा कर 1 करोड़ 68 लाख 94 हजार रुपए दिए थे, लेकिन कुछ महीने पहले पिंपले को जानकारी मिली कि शिवम उसके साथ धोखाधड़ी कर रहा है। तब ठेकेदार पिंपले ने शिवम से निवेश किए गए रुपए वापस मांगे, लेकिन शिवम रुपए देने से आनाकानी कर रहा था।

आर्थिक अपराध शाखा करेगी जांच : जानकारी के अनुसार ठेकेदार चंद्रशेखर पिंपले ने पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। मामला आर्थिक अपराध शाखा को सौंपा गया। इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा करेगी।

नंदनवन कॉलोनी में 65 हजार की चोरी : राजापेठ थाना क्षेत्र के नंदनवन कॉलोनी निवासी प्रदीप गौतमे अस्पताल के काम से परिवार के साथ बाहर गांव गए थे। रविवार रात वापस घर पर लौटे तो ताला टूटा दिखाई दिया। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर सेंधमारी करते हुए आलमारी से 64 हजार रुपए के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।

Created On :   2 July 2024 11:10 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story