लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे चरण में मध्यप्रदेश की नौ सीटों पर होगा सियासी दंगल, दो पूर्व सीएम और एक केंद्रीय मंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर

तीसरे चरण में मध्यप्रदेश की नौ सीटों पर होगा सियासी दंगल, दो पूर्व सीएम और एक केंद्रीय मंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर
  • 7 मई को होगा तीसरे चरण का चुनाव
  • मध्यप्रदेश की 9 सीटों पर होगा मतदान
  • शिवराज, दिग्विजय और सिंधिया जैसे दिग्गज होंगे मैदान में

डिजिटल डेस्क, भोपाल। लोकसभा चुनाव के दो चरणों के मतदान के बाद 191 सीटों पर प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो चुका है। अब सभी की निगाहें तीसरे चरण पर हैं। जिसमें 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 94 सीटों पर चुनाव हैं। वहीं बात करें मध्यप्रदेश की यहां दो चरणों में 12 सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुके हैं। अब 7 मई को होने वाले तीसरे चरण में राज्य की 9 सीटों पर चुनाव होने हैं। इस चरण में सूबे की वो तीन हाईप्रोफाइल सीटें भी शामिल हैं जहां से दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक केंद्रीय मंत्री अपनी किस्मत अजमा रहे हैं।

ये हैं हाईप्रोफाइल सीटें

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रदेश की मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, विदिशा, बैतूल और भोपाल सीट पर चुनाव होंगे। अभी तक हुए दोनों चरणों के चुनावों में 2019 के मुकाबले मतदान कम ही रहा। लेकिन तीसरे चरण में सियासी दिग्गजों के चुनावी मैदान में होने से मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद की उम्मीद है। इस चरण में प्रदेश की भिंड, राजगढ़ और विदिशा सबसे हॉट सीटें मानी जा रही हैं। राजगढ़ से मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, विदिशा से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मैदान में हैं। आइए जानते हैं तीसरे चरण की इन्हीं तीन हाईप्रोफाइल के बारे में जिन पर प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश की नजरें टिकी हुईं है...

गुना

गुना लोकसभा सीट से बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उतारा है। बीजेपी में शामिल होने के बाद वह पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में वह यहां से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे, जिसमें वो बीजेपी प्रत्याशी केपी यादव से चुनाव हार गए थे। पिछले चुनाव के परिणाम से सीख लेते हुए सिंधिया इस बार के चुनाव में कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। यही वजह है कि वह और उनके समर्थक पूरे समय गुना संसदीय क्षेत्र में एक्टिव हैं। सिंधिया के लिए यह चुनाव जीतना कितना अहम है उसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि उनकी पत्नी और पुत्र भी प्रचार अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए सिंधिया के खिलाफ मुंगावली से तीन बार के विधायक राव यादवेंद्र सिंह यादव को उतारा है। जिससे उन्हें बड़ी संख्या में यादव वोट मिल सकें।

राजगढ़

गुना की तरह ही राजगढ़ लोकसभा सीट भी प्रदेश की हॉट सीट मानी जा रही है। इसकी वजह यहां से प्रदेश की कमान 10 साल तक संभालने वाले पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह हैं। जोकि 33 साल बाद एक बार फिर राजगढ़ से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, बीजेपी यहां से दो बार सांसद रहे रोडमल नागर को उतारा है। एक समय था जब यह सीट कांग्रेस की मानी जाती थी। लेकिन पिछले कुछ सालों से यहां बीजेपी का कब्जा है।

जिस तरह से कांग्रेस आलाकमान ने इस बार यहां से दिग्विजय सिंह को उतारा है उससे मुकाबला रोमांचक हो गया है। जहां दिग्विजय सिंह यहां से किसी भी हालत में चुनाव जीतना चाहते हैं और यही वजह है कि वो यहां इमोशनल कार्ड खेल रहे हैं। उन्होंने नामांकन पत्र जमा करने से पहले वादा निभाओ पदयात्रा निकाली और लोगों से संपर्क किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने लोगों से वर्षों पुराने संबंधों का हवाला देकर उन्हें वोट करने की अपील की।

इसके अलावा वह पूरे संसदीय क्षेत्र में गांव-गांव जाकर प्रचार कर रहे हैं। उनके समर्थक इस चुनाव को दिग्विजय सिंह का आखिरी चुनाव होने की दुहाई देकर वोट मांग रहे हैं। वहीं बीजेपी भी इस सीट पर किसी भी हालत में हारना नहीं चाहती। यही वजह है कि उसके स्टार प्रचारक यहां चुनावी सभा कर रहे हैं। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने यहां सभा की थी। इस दौरान उन्होंने दिग्विजय पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने दिग्विजय सिंह को बंटाधार बताकर लोगों से उन्हें राजनीति से हमेशा के लिए विदाई देने की अपील की थी। जानकारी के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी भी जल्द ही यहां चुनावी सभा कर सकते हैं।

विदिशा

तीसरे चरण के चुनाव में मध्यप्रदेश की एक और हाईप्रोफाइल सीट विदिशा है, जहां से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रताप भानु शर्मा से है। शिवराज पांच बार विदिशा सीट से सांसद निर्वाचित हुए। साल 2004 के लोकसभा चुनाव में वह पांचवी बार यहां से सांसद का चुनाव जीते थे। इसके बाद वह मध्यप्रदेश के सीएम बन गए। इस तरह से 20 साल बाद वह एक बार फिर यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं उनके खिलाफ कांग्रेस ने विदिशा से सांसद रह चुके प्रताप भानु शर्मा को उतारा है। वैसे तो यह सीट बीजेपी का गढ़ रही है। लेकिन इसके बावजूद भी शिवराज सिंह चौहान अति आत्मविश्वास न आकर टिकट की घोषणा होने के साथ जमकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। वैसे यहां पर प्रताप भानु शर्मा के मुकाबले शिवराज का पलड़ा भारी माना जा रहा है क्योंकि भले ही भानु प्रताप यहां से सांसद रह चुके हैं लेकिन वह लंबे समय से न कोई चुनाव लड़े और न ही पार्टी में किसी पद पर रहे। ऐसे में उन्हें चुनावी मैनेजमेंट में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

Created On :   27 April 2024 2:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story