बीएमसी: होर्डिंग्स लगानेवाली कंपनी पर हाईवे के हरे पेड़ काटने-सुखाने का शक, निलंबित होगा लाइसेंस!

होर्डिंग्स लगानेवाली कंपनी पर हाईवे के हरे पेड़ काटने-सुखाने का शक, निलंबित होगा लाइसेंस!
  • उद्यान विभाग ने लाइसेंस विभाग को लिखा पत्र
  • आरोपियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को रिमांइडर

डिजिटल डेस्क, मुंबई. ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर घाटकोपर (पूर्व) में 22 पेड़ काटने और इंजेक्शन लगा कर 19 पेड़ सुखाने के मामले को मुंबई मनपा (बीएमसी) प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शक है कि हाईवे पर होर्डिंग्स लगानेवालों ने हरे पेड़ों को ठिकाने लगा दिया।

बीएमसी उद्यान विभाग ने मुंबई पुलिस और मनपा के लाइसेंस विभाग को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया है। सूत्रों के अनुसार लाइसेंस विभाग होर्डिंग्स का लाइसेंस निलंबित कर सकता है।


सूत्रों के अनुसार पेड़ों की वजह से हाईवे पर लगाई गईं तीन होर्डिंग्स दिखाई नहीं देती थीं। मनपा अधिकारियों को शक है कि होर्डिंग्स लगाने वालों ने ही वृक्षों को सुखाया है। इसके लिए छह महीने पहले एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मगर पुलिस ने अब तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है।

मनपा उद्यान विभाग के अधिकारी ने बताया कि उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई के लिए पंतनगर पुलिस स्टेशन को रिमांइडर भेजा है। एन. वार्ड कार्यालय के लाइसेंस विभाग को पत्र लिख कर होर्डिंग्स लगाने वालों का लाइसेंस रद्द करने को कहा गया है।

गजानन बेल्लाले, सहायक आयुक्त, एन वार्ड के मुताबिक बीएमसी उद्यान विभाग ने होर्डिंग्स लगाने वाली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया है। हम संबंधित कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करेंगे। उनकी बात भी सुनेंगे। इसके बाद लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।


Created On :   30 April 2024 4:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story