लोकसभा चुनाव 2024: के एल शर्मा को अमेठी से टिकट दिए जाने पर क्या बोलीं प्रियंका? चुनाव न लड़ने पर कहा - 'किसी को संचालन भी तो करना है...'

के एल शर्मा को अमेठी से टिकट दिए जाने पर क्या बोलीं प्रियंका? चुनाव न लड़ने पर कहा - किसी को संचालन भी तो करना है...
  • नामांकन के लिए प्रियंका गांधी पहुंची अमेठी
  • खुद चुनाव न लड़ने पर ये कहा
  • अमेठी से के एल शर्मा को बताया बेस्ट च्वाइस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सबसे बड़ा चुनावी सस्पेंस खत्म करते हुए कांग्रेस पार्टी ने आज यूपी के अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। राहुल गांधी इस बार अमेठी की जगह रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। वहीं पार्टी ने अमेठी सीट पर गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा को स्मृति ईरानी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है। के एल शर्मा रायबरेली में सोनिया गांधी के प्रतिनिधि रह चुके हैं। हालांकि, पहले कयास लगाया जा रहा था कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इन दोनों में से किसी एक सीट से चुनाव लड़ सकती थी। दोनों सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रियंका ने के एल शर्मा को अमेठी से सही च्वाइस बताया है साथ ही स्वयं चुनाव न लड़ने के सवाल पर भी प्रतिक्रिया दी है।

'किसी को संचालन भी तो करना है...'

भाजपा ने अमेठी से स्मृति ईरानी के नाम का ऐलान काफी पहले कर दिया था। वहीं 2 मई को रायबरेली सीट से दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार घोषित किया। कांग्रेस पार्टी ने आखिरी समय में रायबरेली और अमेठी सीट पर सस्पेंस खत्म किया है। दोनों सीटों से नामांकन भरने का आज आखिरी दिन है। अमेठी और रायबरेली से नामांकन दाखिल करने के लिए आज दोपहर तीन बजे तक का समय है। इस बीच कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता नामांकन के लिए अमेठी और रायबरेली पहुंच रहे हैं। नामांकन के लिए अमेठी पहुंची प्रियंका गांधी ने स्वयं दोनों में से किसी भी सीट पर चुनाव न लड़ने को लेकर किए गए सवाल पर प्रतिक्रिया दी है। प्रियंका ने इस सवाल के जवाब में कहा, "किसी को संचालन भी तो करना है...।" साथ ही प्रियंका ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को बेस्ट च्वाइस बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से अमेठी का कामकाज संभालते आ रहे हैं और उन्हें यहां के हर गांव और गलियों की पूरी जानकारी है।

प्रियंका ने एक्स पोस्ट में क्या कहा?

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाने के फैसले की तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडियो प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे संबंधित एक पोस्ट भी किया। प्रियंका ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "किशोरी लाल शर्मा से हमारे परिवार का वर्षों का नाता है। अमेठी, रायबरेली के लोगों की सेवा में वे हमेशा मन-प्राण से लगे रहे। उनका जनसेवा का जज्बा अपने आप में एक मिसाल है।" उन्होंने आगे लिखा, "आज खुशी की बात है कि किशोरी लाल को कांग्रेस ने अमेठी से उम्मीदवार बनाया है। किशोरी लाल की निष्ठा और कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण अवश्य ही उन्हें इस चुनाव ने सफलता दिलाएगा। ढेर सारी शुभकामनाएं।"

Created On :   3 May 2024 6:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story