MI vs KKR Updates: 12 साल बाद वानखेड़े के मैदान पर जीती कोलकाता, मुंबई इंडियंस को 24 रनों से दी करारी शिकस्त

12 साल बाद वानखेड़े के मैदान पर जीती कोलकाता, मुंबई इंडियंस को 24 रनों से दी करारी शिकस्त
  • अपना ग्यारहवां मैच खेल रही है मुंबई इंडियंस
  • अपना दसवां मैच खेल रही है नाइट राइडर्स
  • कोलकाता पर भारी पड़ी है मुंबई इंडियंस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन का धमाकेदार आगाज हो गया है। पिछले एक महीने में फैंस को हर एक दिन एक से बढ़कर एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं। इसी कड़ी में आज सीजन के 51वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें आमने-सामने थी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने मुंबई इंडियंस को 24 रनों से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही कोलकाता की टीम ने साल 2012 के बाद पहली बार वानखेड़े के मैदान पर कोई मुकाबला जीता। कोलकाता की इस जीत में वेंकटेश अय्यर (70 रन) और मिचेल स्टार्क (4 विकेट) ने अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही कोलकाता की टीम इस सीजन में अपनी सातवीं जीत दर्ज कर प्लेऑफ की ओर बड़ा कदम बढ़ाया। जबकि सीजन में अपनी आठवीं हार के साथ मुंबई की टीम प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गई है।

वेंकटेश अय्यर ने लगाया शानदार अर्धशतक

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद ही निराशाजनक रही। पावरप्ले के अंदर ही टीम के टॉप चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसमें फिल सॉल्ट (5 रन), अंगकृष रघुवंशी (13 रन), श्रेयस अय्यर (6 रन) और सुनील नारायण (8 रन) का विकेट शामिल था। जबकि पावरप्ले के बाद रिंकू सिंह (9 रन) भी सस्ते में आउट लौट गए। आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद वेंकटेश अय्यर और इम्पैक्ट प्लेयर मनीष पांडे की जोड़ी ने 83 रनों की शानदार साझेदारी निभाकर कोलकाता की मुकाबले में वापसी कराई। हालांकि, मुंबई के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में एक बार फिर से वापसी करते हुए एक के बाद एक कोलकाता के निचले क्रम के बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा दिया। वेंकटेश अय्यर (70 रन) और मनीष पांडे (43 रन) की शानदार पारियों के बावजूद कोलकाता की पूरी टीम 169 रनों पर ढेर हो गई। मुंबई की ओर से बुमराह और तुषारा ने सर्वाधिक तीन-तीन विकेट हासिल किए।

मिचेल स्टार्क के सामने मुंबई के बल्लेबाज फेल

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत भी खराब रही। पावरप्ले के अंदर ही टीम के टॉप तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसमें ईशान किशन (13 रन), नमन धीर (11 रन) और रोहित शर्मा (11 रन) का विकेट शामिल था। जबकि पावरप्ले के बाद तिलक वर्मा (4 रन), नेहल वढेरा (6 रन) और हार्दिक पांड्या (1 रन) भी सस्ते में आउट हो गए। हालांकि, इस बीच सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे छोर को संभाले रखा। लेकिन शानदार अर्धशतकीय पारी के बाद सूर्यकुमार यादव (56 रन) भी पवेलियन लौट गए। जबकि अंत में मिचेल स्टार्क ने टिम डेविड (24 रन) सहित लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों को आउट कर मुंबई इंडियंस की पारी समेट दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम अंत में 145 रनों पर ढेर हो गई। कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से मिचेल स्टार्क ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए।

Live Updates

  • 3 May 2024 5:55 PM GMT

    मिचेल स्टार्क ने समेटी मुंबई इंडियंस की पारी

    पारी के 19वें ओवर में मिचेल स्टार्क ने एक छक्का खाने के बाद टिम डेविड, पीयूष चावला और जेराल्ड कोएट्जी को आउट कर मुंबई इंडियंस की पारी समेट दी। मुंबई इंडियंस की टीम 18.5 ओवरों में 145 रनों पर डेढ़ हो गई। इसके साथ ही कोलकाता ने 24 रनों से जीत दर्ज की।

  • 3 May 2024 5:32 PM GMT

    अर्धशतक के बाद पवेलियन लौटे सूर्यकुमार यादव

    सभी टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद मुंबई इंडियंस की पारी संभालने वाले सूर्यकुमार यादव शानदार अर्धशतक लगाने के बाद पवेलियन लौट गए। आद्रे रसल ने सूर्या को 56 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 16 ओवर के बाद सात विकेट के नुकसान पर 124 रन है।

  • 3 May 2024 5:21 PM GMT

    सूर्यकुमार यादव ने लगाया शानदार अर्धशतक

    टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के फेल होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 30 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया। पारी के 14वें ओवर में सूर्या ने वैभव अरोड़ा को तीन चौके और एक छक्के लगाकर टीम के स्कोर को सौ रनों के पार पहुंचाया। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 14 ओवर के बाद छह विकेट के नुकसान पर 110 रन है।

  • 3 May 2024 5:11 PM GMT

    आंद्रे रसल ने हार्दिक पांड्या को भेजा पवेलियन

    नेहल वढेरा के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान हार्दिक पांड्या सस्ते में पवेलियन लौट गए। हार्दिक पांड्या को 1 रन के निजी स्कोर पर आंद्रे रसल ने मनीष पांडे के हाथों कैच कराकर पवेलियन लौट गए। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 12 ओवर के बाद छह विकेट के नुकसान पर 82 रन है।

  • 3 May 2024 5:09 PM GMT

    सुनील नारायण ने नेहल वढेरा को किया क्लीन बोल्ड

    अपने पहले ओवर में रोहित शर्मा का बड़ा विकेट लेने वाले सुनील नारायण ने अपने तीसरे ओवर में इनफॉर्म नेहल वढेरा को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। वढेरा 11 गेंदों में 6 रनों की धीमी पारी के बाद क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 11 ओवर के बाद पांच विकेट के नुकसान पर 71 रन है।

  • 3 May 2024 4:53 PM GMT

    वरुण चक्रवर्ती ने तिलक वर्मा को भेजा पवेलियन

    अपने पहले ओवर में नमन धीर को पवेलियन भेजने वाले वरुण चक्रवर्ती ने तीसरे ओवर में इनफॉर्म बल्लेबाज तिलक वर्मा को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। तिलक वर्मा 4 रन बनाकर सुनील नारायण को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 9 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 61 रन है।

  • 3 May 2024 4:38 PM GMT

    सुनील नारायण ने रोहित शर्मा को भेजा पवेलियन

    पावरप्ले के आखिरी ओवर में सुनील नारायण ने अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने उतरे अनुभवी रोहित शर्मा को पवेलियन का रास्ता दिखाया। रोहित शर्मा 11 रन बनाकर मनीष पांडे को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 6 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 46 रन है।

  • 3 May 2024 4:31 PM GMT

    वरुण चक्रवर्ती की फिरकी में फंसे नमन धीर

    ईशान किशन के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे नमन धीर ने कुछ अच्छे शॉर्ट्स खेलने के बाद महज 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वरुण चक्रवर्ती ने अपने पहले ही ओवर में उन्हें क्लीन बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 5 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 41 रन है।

  • 3 May 2024 4:17 PM GMT

    मिचेल स्टार्क ने ईशान किशन को किया क्लीन बोल्ड

    पारी के दूसरे ओवर में ईशान किशन आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मिचेल स्टार्क को एक के बाद एक गेंदों पर चौका और छक्का लगाया। लेकिन अगली ही गेंद पर स्टार्क ने वापसी करते हुए किशन को 13 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 2 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 16 रन है।

  • 3 May 2024 3:54 PM GMT

    169 रनों पर ढेर हुई कोलकाता नाइट राइडर्स

    नुवान तुषार की नई गेंद से धारदार गेंदबाजी के बाद मीडिल ओवर्स में वेंकटेश अय्यर (70 रन) और मनीष पांडे (42 रन) की जोड़ी ने शानदार साझेदारी निभाकर टीम की पारी संभाली। लेकिन अंतिम ओवरों में जसप्रीत बुमराह ने धारदार गेंदबाजी करते हुए कोलकाता की पारी को 19.5 ओवरों में 169 रनों पर समेट दिया। मुंबई की ओर से बुमराह और तुषारा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

Created On :   3 May 2024 1:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story