प्रसार: सोशल मीडिया पर एक्टिव यूथ बने ब्रांड एम्बेसडर , बना स्ट्रांग प्लेटफार्म

सोशल मीडिया पर एक्टिव यूथ बने ब्रांड एम्बेसडर , बना स्ट्रांग प्लेटफार्म
  • जोरों से स्वच्छता अभियान चलाने की तैयारी
  • लोगों को जागरूक करने युवाओं की मदद ले रही मनपा
  • प्रशासन भी सोशल मीडिया का ले रही सहारा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आज के दौर में अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया स्ट्रांग प्लेटफार्म है। इसमें हर कोई अपने विचार शेयर करता है। प्रशासन भी इसके लिए सोशल प्लेटफार्म पर एक्टिव है और खासतौर पर यूथ की मदद ले रहा है। मनपा ने स्वच्छता अभियान की पहल के लिए शहर के युवाओं को नियुक्त किया है। मनपा ने नागपुर और सोशल मीडिया पर उनके काम को देखते हुए स्वच्छ भारत अभियान का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। इनमें आरजे पल्लवी, आमिर शेख, दृष्टि शर्मा और अभिनव थुल का नाम शामिल है। पल्लवी ने अपने शो के एक सेगमेंट ‘गा के बजाते हैं' के जरिए लोगों को जागरूक और जिम्मेदार बनाने की शुरुआत की है। आमिर शेख नागपुर एक्स फैक्टर नाम से सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। इसके अलावा कॉमेडी के जरिए गंभीर मुद्दों को लोगों के सामने रखने का हुनर अभिनव थुल में है। इसी तरह एक जिम्मेदार पत्रकार की भूमिका के चलते दृष्टि शर्मा को इसमें शामिल किया गया है। यह जानकारी मनपा की अपर आयुक्त आंचल गोयल ने दी है। मनपा ने सभी ब्रांड एम्बेसडर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और ग्रीन शहर के लिए लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

लोगों तक पहुंचना लक्ष्य : मनपा द्वारा नियुक्त किए गए ब्रांड एम्बेसडर शहर को स्वच्छ, स्वस्थ रखने और जागरूक बनाने के लिए काम करेंगे। बेहतरीन काम के लिए सामान्य नागरिकों को ई-सर्टिफिकेट भी प्रदान कर रही है। नियुक्त किए गए ब्रांड एम्बेसडर अपने सोशल मीडिया पेज से लोगों को भविष्य में होने वाली मनपा की पहल में शामिल होने की अपील करेंगे। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचना मनपा का लक्ष्य है।

इवनिंग शो से घर-घर तक पहुंची : मैंने शुरुआत अकोला के शो से की थी, तब से ख्वाहिश थी कि जिस शहर में पली, बढ़ी और पढ़ाई की है उस शहर के लोगों से रेडियो के जरिए जुड़ना है। वो मौका मुझे मिला रेडियो के इवनिंग शो से, जहां से मैं नागपुर हर घर तक पहुंची और आज मैं एक मॉर्निंग शो की आरजे हूं। रेडियो जॉकी एंटरटेनमेंट के जरिए लोगों तक देश-दुनिया और आस-पास में चल रही गतिविधियों की जानकारी देना है। जब बात प्राइम शो के होस्ट पर आती है, तब जिम्मेदारी बढ़ जाती है क्योंकि एंटरटेनमेंट के साथ अन्य जानकारी से भी लोगों को अवगत कराना होता है। इसमें शहर में यदि किसी बात की अनदेखी हो रही है, तो उस पर भी काम करना जरूरी हो जाता है। ऐसे में मेरे शो में एक सेगमेंट होता है ‘गा के बजाते है।' पहले यह सिर्फ ऑन एयर लिया करते थे, लेकिन हम सभी जानते हैं कि सोशल मीडिया की पहुंच इन दिनों कहां तक हैं और इसका प्रभाव लोगों में कैसा है। बस इसी का सहारा लेकर हमने डिजिटली इसे शुरू किया और शहर में जितने भी मुद्दे हैं, जो आम नागरिकों से जुड़े हुए हैं, उस पर काम किया। कचरे से जुड़ा मुद्दा हो, ट्रैफिक नियम का उल्लंघन हो या कोई अन्य मुद्दा, हमने लोगों को ग्राउंड लेवल पर जाकर जागरूक किया। बस इसी पहल को मनपा ने सराहा है। इसमें मेरी पूरी क्रिएटिव टीम का योगदान है। -आरजे पल्लवी

मैंने ढाई साल पहले अपने पेज की शुरुआत की थी। पेशे से माइनिंग इंजीनियर होने के साथ फोटोग्राफी का शौक था। धीरे-धीरे अपनी इस हॉबी को पैशन में बदला। आज मैं सोशल मीडिया के जरिए नागपुर की हर तरह की खूबसूरती, अपडेट्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम को दिखाने की कोशिश करता हूं। मैं इसमें कामयाब भी हुआ हूं। मनपा के साथ जुड़कर किसी पहल का हिस्सा बनना गर्व की बात है। यह एक जिम्मेदारी का काम है, जिसके लिए मुझे चुना गया है। -आमिर शेख

आज स्पर्धा बढ़ गई है : मैं हमेशा से ही पढ़ाई में अच्छा था, लेकिन कभी मन नहीं किया कि जॉब करना चाहिए। कोरोना के दौरान जब लॉकडाउन लगा, तब मैंने वीडियो कंटेंट बनाने की शुरुआत की। उस समय इतना वीडियो कंटेंट चलन में नहीं था, लेकिन आज कम्पटीशन बढ़ गया है। मेरे वीडियो लोगों को हंसाने वाले होते हैं और मुझे अच्छा लगता है कि लोग मुझे हंसते हुए देखते हैं। दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों से बहुत से कॉमेडियन हैं, लेकिन मैं अपने शहर से यह पहचान बनाना चाहता था, जिसमें मैं कामयाब भी हुआ हूं। आज मेरी इसी उपलब्धि ने मनपा के स्वच्छ शहर के अभियान में शामिल होने का मौका दिया है। मैं अपने वीडियो कंटेंट के जरिए गंभीर मुद्दे लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा हूं। -अभिनव थुल


Created On :   3 May 2024 9:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story