रेस्क्यू: एक ही मकान में मिले 26 सांप, सर्पमित्र ने पकड़कर नैसर्गिक जगह पर छोड़ दिए

एक ही मकान में मिले 26 सांप, सर्पमित्र ने पकड़कर नैसर्गिक जगह पर छोड़ दिए
  • बुधवारी बाजार में मिला सांप का जोड़ा
  • घर जाकर सांप को पकड़ने का काम शुरू किया

डिजिटल डेस्क, नागपुर. कामठी रोड पर भिलगांव में एक मकान के अंदर सांपों का घरौंदा मिला। मकान के अंदर सर्पमित्र ने थोड़ी सी मिट्टी हटाई तो सांप रेंगकर भागने लगे। सर्पमित्र सागर चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए एक दो नहीं बल्कि 26 सांपों को पकड़कर डिब्बे के अंदर बंद किया।

बुधवार की सुबह करीब 10.30 बजे कामठी रोड पर भिलगांव परिसर से बिसन गोंडाणे नामक व्यक्ति का फोन वाइल्ड लाइफ वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य व सर्पमित्र सागर चौधरी को आया कि हमारे यहां सांप के एक दो बच्चे दिखाई दे रहे हैं। जानकारी मिलते ही सर्पमित्र सागर ने बिसन के घर जाकर सांप को पकड़ने का काम शुरू किया। पहले एक सांप दिखाई दिया।

उसे पकड़ने के बाद जरा सी मिट्टी हटाई, तो सांपों का झुंड देख लोग घबरा गए। तब सागर ने उन्हें बताया कि घबराने की कोई बात नहीं। उनके घर में निकले सांप को पानदिवड़ (पानी वाला सांप) कहा जाता है। यह विषैले नहीं होते हैं। काफी मशक्कत के बाद सागर ने एक - एक करके करीब 26 सांप के बच्चे पकड़े। प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर सागर ने उन्हें नैसर्गिक जगह पर ले जाकर छोड़ दिया।

बुधवारी बाजार में मिला सांप का जोड़ा

बुधवार काे दोपहर करीब 12 बजे सोमवारी क्वार्टर के पास बुधवारी बाजार में मटका बेचने वालों के पास मटके के नीचे एक सांप दिखाई दिया। इसके बारे में वाइल्ड लाइफ वेलफेयर सोसाइटी के सचिव व सर्पमित्र नितीश भांदक्कर को पता चलने पर वह बुधवारी बाजार में मटका बाजार के अंदर पहुंचे। उन्होंने माती खाया (मिट्टी वाला सांप) नामक एक सांप को पकड़ा। इसे स्थानीय भाषा में दोमुंहा सांप भी कहते हैं। इस सांप को पकडकर ले जाने के बाद सर्पमित्र नितीश काे दूसरे सांप के दिखने का फोन आया। नितीश ने मौके पर पहुंचकर दूसरे सांप को भी पकड़ा। दोनों सांपों को नैसर्गिक जगह पर छोड़ा गया।

Created On :   25 April 2024 12:06 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story